नगर के थाना खालापार क्षेत्र के मुगल गार्डन के पीछे की ओर एक मकान पर लैंटर डालते समय लापरवाही के कारण मकान के निकट से जा रही विद्युत लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गयी। आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर जिला अस्पताल में हंगामा किया। बाद में परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया और शव को लेकर चले गए।
झटका लगने से सीधा छत से नीचे गिर गया
नगर क्षेत्र के खालापार थाने के अंतर्गत मुगल गार्डन के पास शाकिर के मकान में रविवार को लेंटर डाला जा रहा था। दोपहर के समय मकान पर लेंटर डालने का कार्य शुरु कर दिया। लेंटर डाल रहे मजदूरों में नगर के मोहल्ला शामली बस स्टैंड के निकट के निवासी अराफात ने लेंटर के निकट से जा रहे बिजली के तारों को पीछे हटाने का प्रयास किया तो अचानक उसे तेज करंट लगा, जिससे वह झटका लगने से सीधा छत से नीचे गिर गया।
मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप
मौके पर उपस्थित अन्य मजदूरों वह गृहस्वामी ने आनन फानन में घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही उसके परिजन जिला अस्पताल में पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अराफात की पत्नी व दो मासूम बच्चे उसके साथ रहते थे। थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान का कहना कि परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन शव को लेकर चले गए है।