बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की न्यू शिवपुरी कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार हापुड़ जिले के पिलखुवा निवासी 34 वर्षीय चमन पुत्र हरि सिंह खुर्जा में एक ठेकेदार के यहां रहकर निर्माण कार्य में सेट्रिंग लगाने का काम करता था। बताया गया कि वह न्यू शिवपुरी कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही परिजन खुर्जा पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा मानकों के मजदूरों से ऊंचाई पर काम कराया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
मृतक के चचेरे भाई रॉबिन ने बताया कि चमन परिवार का कमाऊ सदस्य था और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उनका आरोप है कि यदि सुरक्षा बेल्ट और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए होते तो उसकी जान बच सकती थी। परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
हादसे के बाद परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर और तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मजदूर की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।