
शटरिंग खोलते भरभरा कर छज्जे का लेंटर गिर गया। थ् मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों मजदूरों के घर में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में अभी पुलिस को किसी ने तहरीर नहीं दी है।
मलबे में दोनों मजदूर दब गए
भावनपुर पुलिस के मुताबिक मानपुर गांव में गजेंद्र मकान बनवा रहे हैं। मकान के निर्माण का काम ठेकेदार नरेश को दे रखा है। शनिवार सुबह दो मजदूर मकान के छज्जे के लेंटर के लिए बंधी शटरिंग खोल रहे थे, तभी छज्जे का लेंटर भरभरा कर गिर गया। मलबे में दोनों मजदूर दब गए। छज्जा गिरते ही ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। उन्होंने मलबे में दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और तत्काल दोनों मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने किठौर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय अविवाहित रोहित को मृत घोषित कर दिया। दूसरा मजदूर विवेक है और उसकी हालत गंभीर है।
दोनों मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया
शादीशुदा विवेक का अजय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर देहात शिवप्रताप भी पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पड़ोसी अनिल ने बताया कि शटरिंग खोलने के लिए मजदूर लगे थे। उनको मना किया था कि अभी शटरिंग मत खोलो पर वह नहीं माने और हादसा हो गया। ग्रामीण मनोहर सिंह ने बताया, मालिक ने मना किया था पर मजदूर नहीं माने, क्योंकि लेंटर कच्चा था। लेंटर खुलते ही वो गिर पड़ा। जिसमें मलबे में दबकरर मजदूर रोहित की मौत हो गई है। सीओ सदर देहात शिवप्रताप ने बताया कि मानपुर गांव में कच्चा लेंटर खोलने के कारण हादसा हुआ। हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है। दूसरा घायल है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।