हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में स्याना रोड स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक का शव ईंट पथाई करने वाली जगह पर मिलने से अफरा तफरी मच गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन ने मृतक की पत्नी और साले और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने साले को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में गढ़ -स्याना मार्ग पर स्थित भट्टे पर ग्राम लखावटी निवासी छोटे काफी समय से काम करता था। ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार सुबह भट्ठे पर काम करने पहुंचे मजदूरों ने छोटू का शव ईंट पथाई वाली जगह पर पड़ा देखा। इससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। वहीं छोटू का शव देख परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी.
शव मिलने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि छोटू की हत्या उसकी पत्नी और साले ने की है। परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मृतक के साले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है.
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ईंट पथाई वाली जगह पर शव पड़ा मिला था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है.