जानी थाना क्षेत्र स्थित सुभारती के पास बुधवार दोपहर एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चुन्नी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय बुधीराम हादसा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के नवादा का निवासी था और सुभारती क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसने अपनी झुग्गी में चुन्नी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की।
सभी संभावित पहलुओं पर ध्यान दिया
परिजनों ने बताया कि घटना से पहले बुधीराम की पत्नी अंजलि से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।