दौराला। दौराला-सारधना मार्ग पर गन्ना ट्रक यार्ड के पास ट्यूबवेल पर शराब पीने के दौरान दौराला चीनी मिल के मजदूर अरुण ठाकुर की मौत के मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मृतक के फुफेरे भाई अतुल और ट्रैक्टर चालक कृष्ण ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं, एक महिला समेत चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय अरुण ठाकुर पुत्र जयकुमार दौराला चीनी मिल में मजदूरी करता था। मृतक के भाई सौरभ ने बताया कि 17 सितंबर की शाम अरुण अपने फुफेरे भाई अतुल, रतनपुरी निवासी कृष्ण ठाकुर, अरुण प्रजापति और दौराला थाना क्षेत्र के खेड़ी निवासी विशाल के साथ गन्ना ट्रक यार्ड के पास स्थित ट्यूबवेल पर शराब पी रहा था। इसी दौरान अरुण की मौत हो गई।
घटना के बाद अतुल ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी और आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक कृष्ण ठाकुर ने अरुण के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरुण के गुप्तांग और छाती की पसली में चोट व टूटने की बात सामने आई। इसके बाद मृतक के भाई शौरभ ने दौराला थाने में तहरीर देकर अरुण के साथ शराब पी रहे लोगों के अलावा कितास निवासी सुनील और उसकी पत्नी पर भी हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच और पूछताछ के बाद दो आरोपियों अतुल और कृष्ण ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले में एक महिला समेत चार आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।