
Ladli Behna Yojana: रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की सरकार ने राज्य की लाड़ली बहनों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन दौरे के दौरान घोषणा की कि लाड़ली बहना योजना की अगली किस्त में इस बार बहनों को 1250 रुपए की जगह 1500 रुपए दिए जाएंगे. यह राशि 7 अगस्त को सभी लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी. इस फैसले से बहनों में उत्साह और खुशी का माहौल है, खासकर राखी से पहले यह तोहफा उनके लिए खास बन गया है.
रक्षाबंधन गिफ्ट के रूप में 250 रुपए अतिरिक्त
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस बार मिलने वाली 1500 रुपए की राशि में से 250 रुपए राखी पर्व के उपलक्ष्य में अतिरिक्त गिफ्ट के तौर पर दिए जाएंगे. इसका उद्देश्य यह है कि बहनें रक्षाबंधन की तैयारी अच्छे से कर सकें और अपने भाई के साथ यह त्योहार खुशी-खुशी मना सकें. इससे पहले तक इस योजना के तहत हर माह 1250 रुपए भेजे जाते थे.
यह भी देखेःViral Video: बुर्के में लड़की ने जड़ा तूफानी छक्का, विराट कोहली से की जा रही तुलना, वीडियो हुआ वायरल
लाभार्थियों में दिखी खुशी
सरकार की इस घोषणा के बाद लाड़ली बहना योजना से जुड़ी हजारों महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. महिलाओं का कहना है कि यह मदद सिर्फ आर्थिक राहत नहीं बल्कि आत्मसम्मान की भावना भी देती है. रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व से पहले यह आर्थिक सहयोग उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है. राज्य सरकार की यह पहल बहनों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है.