
Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए एक खास तोहफा तैयार किया है, जिसका नाम "लाडो लक्ष्मी योजना" रखा गया है. इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को हर महीने ₹2100 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार इसे रक्षाबंधन से पहले लागू करने की तैयारी कर रही है.
चार चरणों में लागू होगी योजना, पहली कड़ी में 46 लाख महिलाओं को लाभ
यह योजना चार चरणों में लागू की जाएगी. पहले चरण में करीब 46 लाख महिलाओं को शामिल किया जाएगा, जिनकी सालाना आय 1.8 लाख रुपए से कम होगी. प्राथमिकता उन महिलाओं को दी जाएगी जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपए से भी कम है. सामाजिक न्याय विभाग ने इस योजना का ड्राफ्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है. योजना को विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है.
5000 करोड़ का बजट तय, कुछ महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ
सरकार ने इस योजना के लिए फिलहाल ₹5000 करोड़ का बजट तय किया है, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है. राज्य में 18 से 60 साल की करीब 75 लाख महिलाएं हैं, लेकिन वे महिलाएं जो पहले से किसी सामाजिक सुरक्षा योजना जैसे विधवा या वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रही हैं, उन्हें इस योजना से बाहर रखा जाएगा। अंतिम पात्रता मानदंडों को तय करने की प्रक्रिया अभी जारी है. यह योजना मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की समान योजनाओं की तर्ज पर तैयार की गई है.