Bulandshahr News: स्याना में कैनरा बैंक मैनेजर के बंद मकान से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। यह घटना देर रात को हुई, जब बैंक मैनेजर परिवार में शादी समारोह के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।
पड़ोसियों ने दी जानकारी
नगर के विकास मार्केट स्थित कैनरा बैंक के मैनेजर संजीव कुमार पुत्र हरपाल सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर 50,000 रुपये नकद, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पायल और सोने की अंगूठी सहित लाखों रुपये के अन्य जेवरात लेकर फरार हो गए।
संजीव कुमार ने बताया कि वह परिवार में शादी का कार्यक्रम होने के कारण अपने पैतृक गांव हसनपुर, अमरोहा गए हुए थे। सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे और उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। बताया कि चोरों ने जीवन भर की पूंजी पर हाथ साफ कर दिया है। हमने शादी समारोह में जाने से पहले पूरी सावधानी बरती थी। पता नही ये सब कैसे हो गया। कहा कि उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को बुलाया जा रहा है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।