Lalus photo sparks political uproar: राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की एक नई तस्वीर ने सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस छेड़ दी है। काली टोपी, काला चश्मा और हाथ में काला गमछा लिए लालू यादव की यह तस्वीर उनके बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोशल साइट एक्स पर साझा की है। इसके साथ ही तेजस्वी ने लालू प्रसाद को भारत रत्न देने की मांग दोहराई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
भारत रत्न की मांग
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि देश के गरीबों, दलितों और पिछड़ों के मसीहा लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न मिलना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस पर राय भी मांगी। इससे पहले जेडीयू नेता केसी त्यागी द्वारा नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग के बाद तेज प्रताप यादव भी लालू यादव के समर्थन में सामने आए थे। अब तेजस्वी की पोस्ट ने इस बहस को और तेज कर दिया है।
वायरल हुई तस्वीर
तेजस्वी यादव द्वारा साझा की गई तस्वीर में लालू प्रसाद एक सिंहासननुमा कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने काली टोपी, काला चश्मा और गले में काला स्कार्फ पहन रखा है। दोनों हाथ आगे की ओर रखे लालू यादव का यह अंदाज समर्थकों को खूब भा रहा है। तस्वीर को बड़ी संख्या में लाइक और शेयर किया जा रहा है।
यह भी देखेंःOm Birla issues stern message: नियम तोड़े तो कार्रवाई तय, संसद की गरिमा पर ओम बिरला का सख्त संदेश
सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाएं
तेजस्वी यादव के पोस्ट पर जहां कुछ यूजर्स ने लालू यादव को सामाजिक न्याय का प्रतीक बताया, वहीं कई लोगों ने तीखा विरोध भी किया। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि लालू यादव को भारत रत्न किस उपलब्धि के लिए दिया जाना चाहिए। भ्रष्टाचार, चारा घोटाले और जंगलराज जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कई आलोचनात्मक टिप्पणियां की गईं।
बहस जारी
कई यूजर्स ने लालू यादव की संपत्ति और परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। कुछ ने व्यंग्यात्मक अंदाज में भारत रत्न की जगह अन्य नाम सुझाए। इस पूरे मामले ने साफ कर दिया है कि लालू प्रसाद यादव की राजनीति और विरासत आज भी लोगों को दो धड़ों में बांट देती है, जहां एक तरफ समर्थक हैं तो दूसरी तरफ कड़े आलोचक।