Land Rover: कार निर्माता कंपनी लैंड रोवर ने भारतीय बाजार में अपनी नई फ्लैगशिप और बेहद लग्जरी SUV Range Rover SV Ultra लॉन्च कर दी है। यह देश में कंपनी के लाइनअप में सबसे प्रीमियम और फ्लैगशिप मॉडल बन गया है। इस नई एसयूवी में दमदार V8 इंजन, एक्सक्लूसिव डिजाइन, लग्जरी केबिन जैसे कई हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं। तो आइए विस्तार से जानते हैं कि इस एसयूवी में कौन-कौन से फीचर्स दिए गए हैं और इसे कितनी कीमत पर लॉन्च किया गया है।
कितनी है कीमत
इस शानदार एसयूवी के कीमत की बात करें, तो भारत में SUV Range Rover SV Ultra की एक्स शोरूम कीमत 3.8 करोड़ रुपये से शुरू होती है। यानि इस कार को लग्जरी कार सेगमेंट में गाड़ी खरीदने वालों के लिए लॉन्च किया गया है। बता दें कि इसी कंपनी की कार Range Rover Sentinel प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में भी शामिल है।
कैसा है डिजाइन
आपको बता दें कि कंपनी ने SUV Range Rover SV Ultra को खास Titan Silver कलर में पेश किया गया है। इसके अलावा ग्रिल, बैजिंग और स्किड प्लेट्स पर सैटिन प्लेटिनम और सिल्वर क्रोम फिनिश दिया गया है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 22 इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर खास 'Inverted R' लोगो बना है। ग्राहक 23 इंच के व्हील्स का ऑप्शन भी चुन सकते हैं।
प्रीमियम इंटीरियर
वहीं केबिन की बात करें, तो कार को आर्किड व्हाइट और सिंडर ग्रे थीम से सजाया गया है। इसमें रैटन पाम वुड और ग्लॉस व्हाइट सिरामिक फिनिश का इस्तेमाल किया गया है। इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका नया 21-स्पीकर इलेक्ट्रोस्टैटिक साउंड सिस्टम है। इसके स्पीकर हेडरेस्ट, सीटबैक और रूफ लाइनर में लगे हैं। साउंड सिस्टम बॉडी एंड सोल सीट और सेंसरी फ्लोर तकनीक के साथ मिलकर ऑडियो और वाइब्रेशन का शानदार अनुभव देता है।
इंजन और स्पीड
इसमें 4.4 लीटर का ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 540hp की पावर जनरेट करता है। साथ ही यह 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम और ऑल व्हील ड्राइव तकनीक के साथ आता है। यह एसयूवी महज 4.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। इस एसयूवी की टॉप स्पीड 261 किमी/घंटा है।
मिलेंगे ये हाई-टेक फीचर्स
इस एसयूवी में 13.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 13.7 इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और पीछे की सवारियों के लिए भी 13.1 इंच की रियर स्क्रीन दी गई है। इसके अलावा SUV में हीटेड स्टीयरिंग व्हील, पावर्ड रियर सनब्लाइंड, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हेड-अप डिस्प्ले, एम्बिएंट लाइटिंग, 360 डिग्री कैमरा और एयर प्यूरीफायर जैसे फीचर्स मिलते है।