Akhilesh Yadav Helicopter Landing: बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 11 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी। इससे नाराज अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर हेलीपैड का वीडियो साझा करते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रशासन बहाना तलाश रहा है।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हेलीपैड के आसपास दूर-दूर तक जलभराव दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक दिखाकर उनके कार्यक्रम को रद्द करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष विशेषज्ञों से हेलीपैड की जांच कराने की मांग की। अखिलेश ने यह भी सवाल उठाया कि अगर वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर पहुंचेंगे तो क्या एक्सप्रेसवे या हाईवे की खराब स्थिति का हवाला देकर वहां पहुंचने में भी बाधा डाली जाएगी।
प्रशासन ने आरोपों को बताया गलत
बुलंदशहर जिला प्रशासन ने सपा प्रमुख के आरोपों को खारिज किया है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय के मुताबिक, हेलीपैड को लेकर संबंधित एक्सईएन से रिपोर्ट मांगी गई थी। जांच रिपोर्ट में मैदान को हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए सुरक्षित नहीं बताया गया। प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी सुरक्षा मानकों को देखते हुए अनुमति नहीं दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने भी मैदान में पानी भरे होने को अनुमति नहीं देने की वजह बताया है।
सपा नेताओं ने जताई नाराजगी
अनुमति नहीं मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं में नाराजगी है। सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है। उनका कहना है कि पार्टी के कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच इसे लेकर काफी आक्रोश है।
कार्यक्रम के लिए विकल्प तलाश रही पार्टी
हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिलने के बाद सपा की ओर से अब कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव के दौरे को किसी भी तरह पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। वहीं प्रशासन अपनी जांच रिपोर्ट और सुरक्षा मानकों के आधार पर अनुमति नहीं देने के फैसले पर कायम है। अब देखना होगा कि 11 सितंबर को अखिलेश यादव बुलंदशहर किस माध्यम से पहुंचते हैं और उनका कार्यक्रम किस तरह आयोजित होता है।