
DU UG Admission 2025: दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है। जी हां क्योंकि डीयू प्रशासन ने सोमवार को स्पॉट राउंड एडमिशन के लिए कॉलेजों में खाली सीटों की सूची जारी की है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातक प्रोग्राम (UG Courses) में दाखिले का मौका कुछ कॉलेजों में अभी भी उपलब्ध है। स्पॉट राउंड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और छात्र 27 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
सीटों का आवंटन 28 अगस्त को
दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस बार ज्यादातर सीटें साइंस, पंजाबी, संस्कृत और बीकॉम जैसे कोर्सों में खाली बची हैं। इनमें सामान्य से लेकर आरक्षित श्रेणी की सीटें शामिल हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि अभी जो सीटें खाली हैं वह इस राउंड तक भर जाएंगी। स्पॉट राउंड के तहत सीटों का आवंटन 28 अगस्त को किया जाएगा और छात्रों को मिली सीट को 29 अगस्त तक स्वीकार करना होगा। वहीं, 30 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी।
आवंटित सीट को अपग्रेड या बदलने का मौका नहीं मिलेगा
स्पॉट राउंड में दाखिला पाने के लिए छात्रों को अपने डैशबोर्ड में जाकर स्पॉट राउंड-1 का विकल्प चुनना होगा। बता दें कि छात्रों को केवल उन्हीं कॉलेज-कोर्स का चुनाव करना होगा जहां उनकी कैटेगेरी के अनुसार सीटें खाली हों। किसे कौन-सी सीट मिलेगी, यह पूरी तरह सीट की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। इस राउंड में आवंटित सीट को अपग्रेड या बदलने का मौका नहीं मिलेगा। इस राउंड में वह ही छात्र दाखिला पाने के योग्य होंगे जिन्हें 24 अगस्त तक कहीं दाखिला नहीं मिल सका है।
कॉलेजों में सीटों की स्थिति
1. आत्माराम कॉलेज – बीकॉम (2), बीकॉम ऑनर्स (1), अंग्रेजी ऑनर्स (2), फिजिक्स ऑनर्स (4), केमिस्ट्री ऑनर्स (4)
2. भारती कॉलेज – बीएससी मैथमेटिक्स ऑनर्स (11), बीकॉम ऑनर्स (10)
3. देशबंधु कॉलेज – फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री (17), एप्लायड फिजिकल साइंस विद इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री (15)
4. दयाल सिंह कॉलेज – फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री (14), पंजाबी (78), संस्कृत (17), बीएससी लाइफ साइंस (3)
5. हंसराज कॉलेज – बीएससी एंथ्रोपोलॉजी (4), इलेक्ट्रॉनिक्स (3), फिजिक्स ऑनर्स (5)
6. कालिंदी कॉलेज – संस्कृत (25), फिजिक्स (8), लाइफ साइंस (6), केमिस्ट्री ऑनर्स (7)
7. हिंदू कॉलेज – फिजिक्स ऑनर्स (4), बॉटनी (3), जूलॉजी (2)
8. जानकी देवी कॉलेज – बीएससी मैथमेटिक्स ऑनर्स (11), संस्कृत ऑनर्स (12)
9. लक्ष्मीबाई कॉलेज – संस्कृत ऑनर्स (11)