
Lava New Launch: अगर आप नया और कम बजट वाला स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। जी हां क्योंकि लावा ने Lava SHARK 2 4G स्मार्टफोन लॉन्च किया है, जो कम कीमत और बेहद शानदार फीचर्स वाला स्मार्टफोन है। इसमें 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और 50MP का कैमरा दिया गया है। यह स्मार्टफोन इस साल की शुरुआत में लॉन्च हुए शार्क का अपग्रेड डिवाइस बताया जा रहा है। आइए विस्तार से जानते हैं कि इस फोन में क्या-क्या फीचर्स दिए गए हैं और इसे किस कीमत पर लॉन्च किया गया है।
फोन की कीमत
आपको बता दें कि कंपनी ने Lava SHARK 2 4G स्मार्टफोन को दो कलर ऑप्शन में पेश किया है। जिसमें एक्लिप्स ग्रे (Eclipse Grey) और ऑरोरा गोल्ड (Aurora Gold) कलर शामिल है। वहीं इसके कीमत की बात करें, तो इस शानदार स्मार्टफोन की शुरुआती कीमत 6,999 रुपये है। इस फोन को सिंगल वेरिएंट 4 जीबी रैम और 64 जीबी मॉडल में लॉन्च किया गया है। वहीं इस स्मार्टफोन को आप लावा रिटेल स्टोर से खरीद सकते हैं।
फोन के स्पेसिफिकेशन
स्पेसिफिकेशन की बात करें तो लावा शार्क 2 4G डिवाइस में 6.75-इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। साथ ही इसमें आपको 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट के साथ एंड्रॉइड 15 मिलता है। इस स्मार्टफोन में 4GB तक रैम, 64GB इंटरनल स्टोरेज और माइक्रोएसडी कार्ड के साथ 2TB तक एक्सपेंडेबल मेमोरी का भी ऑप्शन मिलता है।
यह भी पढ़ें: Instagram New Features: इंस्टाग्राम में आया एक नया फीचर, अब आसानी से देख सकेंगे पहले देखी हुई रील्स
फोन की बैटरी
लावा शार्क 2 4G स्मार्टफोन में 5000 एमएएच की बैटरी दी गई है, जो टाइप-सी पोर्ट के जरिए 10वॉट की चार्जिंग ऑफर करती है। हालांकि फोन 18 वॉट तक फास्ट चार्जिंग के साथ आता है, लेकिन बॉक्स में कम पावर का एडप्टर दिया गया है। यह डिवाइस डुअल 4G VoLTE, वाई-फाई 802.11 b/g/n (2.4GHz), ब्लूटूथ 5.2, GPS, USB टाइप-C को सपोर्ट करता है।
फोन का कैमरा
वहीं कैमरे की बात करें, तो इस शानदार फोन में 50MP रियर कैमरा दिया गया है, इसके साथ ही LED फ़्लैश भी मिलता है। वहीं सामने की तरफ सेल्फी के लिए डिवाइस में 8MP फ्रंट-फेसिंग कैमरा दिया गया है। फोन डुअल सिम सपोर्ट के साथ आता है। इस फोन को आईपी 54 रेटिंग मिली है, जो धूल और पानी से होने वाले नुकसान से बचाता है।