Lawrence Bishnoi Gang Openly: लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए खुली धमकी दी है। फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में गैंग से जुड़े नामों ने चेतावनी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि विरोधियों को सख्त अंजाम भुगतना होगा। पोस्ट में हिंसक भाषा का प्रयोग करते हुए दावा किया गया कि वे अपने दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और उसका वीडियो सार्वजनिक करेंगे। इस संदेश के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिसकर्मियों की हत्या की निंदा
फेसबुक पोस्ट में हरि बॉक्सर और टॉयसन बिश्नोई नाम से लिखे गए संदेश में पंजाब के गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या पर नाराजगी जताई गई। पोस्ट में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होम गार्ड जवान अशोक कुमार की मौत को लेकर शोक व्यक्त किया गया। साथ ही आरोप लगाया गया कि देशविरोधी तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
खुली धमकी
पोस्ट में कहा गया कि पुलिसकर्मियों की हत्या का बदला लिया जाएगा। गैंग की ओर से कथित तौर पर यह भी लिखा गया कि जो लोग आतंकियों या विरोधी समूहों का साथ दे रहे हैं, उन्हें परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। संदेश में बेहद आपत्तिजनक और हिंसक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
यह भी देखेंःBangladesh: BNP की नई कैबिनेट में 70 प्रतिशत मंत्री बिजेनसमैन, हलफनामों में चौंकाने वाला खुलासा
बॉर्डर के पास वारदात
यह घटना पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित एक चेक पोस्ट पर हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों को सिर में गोली मारी गई। एक का शव कुर्सी पर जबकि दूसरे का बिस्तर में मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमला उस समय हुआ जब वे आराम कर रहे थे।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।