लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विज्ञापन संख्या 09/2026 के तहत ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन 23 अक्टूबर से किए जा सकेंगे। इनमें बालक विद्यालयों के 1,037 और बालिका विद्यालयों के 135 पद शामिल हैं।
आयोग ने आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, इसके बाद ही वे भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। पात्रता, आवश्यक शैक्षिक योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन से प्राप्त की जा सकती है।
आयोग के अनुसार, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर 2026 है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन 26 नवंबर तक किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा 7 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा में आवेदन पूरा करने और अंतिम चरण से पहले दर्ज विवरणों की जांच करने की सलाह दी गई है।