Sanchar Saathi App: दूरसंचार विभाग ने हाल ही में एक नया नोटिफिकेशन जारी किया है। जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक भारत में सेल होने वाले सभी नए फोन में संचार साथी ऐप को प्री इंस्ट्रॉल करके देना होगा। वहीं, पुराने फोन्स में भी कंपनियों को OTA अपडेट के जरिए ये एप इंस्टॉल करना होगा। इस ऐप को लेकर विपक्ष की ओर से सरकार पर जासूसी का आरोप लगाया गया है। लेकिन विभाग ने इस ऐप के कई फायदे बताए हैं जो मोबाइल फोन यूजर्स के लिए बेहद फायदेमंद होने वाले हैं। तो आइए जानते हैं इस ऐप के फायदों के बारे में
क्या है संचार साथी ऐप
आपको बता दें कि संचार ऐप को मई 2023 में शुरू किया गया था। 'संचार साथी ऐप' पोर्टल आपके खोए हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज करने और उन्हें ब्लॉक कराने की सुविधा देता है। इसके साथ ही यह संदिग्ध या खतरनाक वेब लिंक की रिपोर्ट करने, आपके नाम पर कितने मोबाइल कनेक्शन चल रहे हैं ये जांचने और बैंकों व फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन्स के ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट नंबर चेक करने में भी मदद करता है।
धोखाधड़ी वाले कॉल मैसेज को करें रिपोर्ट
संचार साथी ऐप का पहला विकल्प चक्षु है। अगर आपके स्मार्टफोन पर कोई साइबर ठगी की कॉल, मैसेज आदि आते हैं, तो रियल टाइम में आप फ्रॉड करने वाले नंबर की रिपोर्ट कर सकते हैं। यहां तक डिजिटल अरेस्ट की स्थिति में आप वीडियो या फोटो डाउनलोड करके भेज सकते हैं। तुरंत ऐसे नंबर को ब्लॉक किया जाएगा और उस पर कार्रवाई होगी।
गायब फोन को करवा सकते हैं ब्लॉक
कई बार ऐसा होता है जब फोन चोरी हो जाता है, तो उस फोन का दूसरे लोग इस्तेमाल करके क्राइम कर लेते हैं। लेकिन इस ऐफ के जरिए आप आपने मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक करवा सकते हैं और रिपोर्ट कर सकते हैं। जिससे कोई भी इंसान आप के फोन का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता है। वहीं फोन मिल जाने पर अनलॉक भी कर सकते हैं।
मोबाइल कनेक्शन जान सकते हैं
इस ऐप के जरिए आप यह जान सकते हैं कि आपके नाम पर कितने सिम कार्ड है। कई बार ऐसा होता है कि आपकी जानकारी के आधार पर कोई दूसरा कनेक्शन आपके नाम से ले रखा होता है और आपको उसकी जानकारी नहीं होती है।
इंटरनेशनल कॉल की जानकारी
आजकल साइबर क्राइम के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में कई बार दूसरे देश से कॉल आता है और लोग धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में आप इस कॉल की जानकारी तुरंत संचार साथ ऐप में कर सकते हैं और रियल टाइम में उसे ब्लॉक किया जा सकता है। फर्जी नंबर से आने वाले फोन को भी रिपोर्ट किया जा सकता है।
फोन का रिपोर्ट कार्ड देख सकेंगे
अगर आप नया या पुराना स्मार्टफोन खरीदने जा रहे हैं, तो आप इस ऐप की मदद से IMEI नंबर एंटर करके फोन का रिपोर्ट कार्ड देख सकेंगे।