Success Story Divya Mittal: उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर के दी। लाखो रुपये के पैकेज वाली विदेशी नौकरी छोड़कर भारत सेवा के लिए लौटीं दिव्या मित्तल का प्रशासनिक सफर आज के युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल रहा है। आइए जानते हैं आईएएस दिव्या मित्तल कौन हैं और उनका करियर कैसा रहा।
कौन है दिव्या मित्तल
दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली है। दिव्या मित्तल पढ़ाई में शुरुआत से ही काफी होशियार थीं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्हें लंदन की प्रसिद्ध वित्तीय कंपनी जेपी मॉर्गन में अच्छे पैकेज पर नौकरी मिली और वह लंदन चली गई थीं। लेकिन विदेश में लंबे समय तक रहने के बावजूद दिव्या का मन वहां नहीं लगा। देश सेवा करने की चाहत उनके मन में लगातार बनी रही। आखिरकार उन्होंने नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया।
दो बार क्रैक की यूपीएससी की परीक्षा
भारत आकर उन्होंने अपने पति गगनदीप सिंह के साथ मिलाकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उनके पति ने साल 2011 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी। वहीं दिव्या मित्तलने अपनी मेहनत के दम पर साल 2012 में यूपीएससी पास कर आईपीएस रैंक हासिल की। लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने 2013 में दोबारा परीक्षा दी और ऑल इंडिय 68वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनीं।
कई जिलों में संभाल चुकी हैं जिम्मेदारी
यूपी कैडर मिलने के बाद दिव्या मित्तल ने संत कबीर नगर, मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया जैसे जिलों में बतौर जिलाधिकारी अपनी सेवाएं दीं। देवरिया में डीएम रहते हुए बाढ़ निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को लगाई गई उनकी फटकार और काम के प्रति उनका समर्पण सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। तेज धूप के बावजूद वह मैदान में डटी रहीं और अधिकारियों के साथ मिलकर हालात का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें: ISRO Vacancy 2026: इंजीनियरिंग वालों के लिए इसरो में 175 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
दिव्या मित्तल का परिवार
दिव्या मित्तल के परिवार में उनके पति और दो बेटियां हैं। दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह ढिल्लों भी IAS अधिकारी हैं। दिव्या मित्तल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव भी रहती हैं। उन्होंने साल 2025 में एक पोस्ट किया था, जिसमें बताया था कि बच्चों की परवरिश करना कितना मुश्किल काम है। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा था, "मेरी दो छोटी बेटियों की परवरिश से जुड़ी चुनौतियों के लिए कोई भी चीज़ मुझे तैयार नहीं कर सकती थी।" साथ ही लिखा था एक मां के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने काम में संतुलित बनाना काफी मुश्किल है।