Rice Pakoda Recepie : रात के खाने के बाद अक्सर चावल बच जाते हैं और अगले दिन समझ नहीं आता कि उनका क्या किया जाए. ऐसे में बचे हुए चावल से स्वादिष्ट और कुरकुरे पकौड़े बनाए जा सकते हैं. यह रेसिपी बनाने में आसान है और शाम की चाय के साथ भी काफी अच्छी लगती है.
पकौड़े बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए बचे हुए चावल, बेसन और दही की जरूरत होगी. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, थोड़ा गरम मसाला और नमक डाल सकते हैं. पकौड़ों को कुरकुरा बनाने के लिए थोड़ी अजवाइन भी मिलाई जा सकती है.
ऐसे तैयार करें घोल
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बचे हुए चावल लें और उन्हें हल्का सा मैश कर लें. अब इसमें बेसन, दही, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसके बाद सभी मसाले और नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर ऐसा मिश्रण तैयार करें, जो न बहुत पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा.
सुनहरे और कुरकुरे पकौड़े तलें
कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी मात्रा हाथ या चम्मच की मदद से तेल में डालें। पकौड़ों को मध्यम आंच पर पलट-पलटकर तब तक तलें, जब तक उनका रंग सुनहरा और बाहरी हिस्सा कुरकुरा न हो जाए। इसके बाद इन्हें प्लेट में निकाल लें.
चटनी के साथ करें सर्व
गरमा-गरम चावल के पकौड़ों को हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही वाली चटनी के साथ परोसा जा सकता है. इस तरह बचे हुए चावल का स्वादिष्ट तरीके से इस्तेमाल भी हो जाएगा और घरवालों को एक नया स्नैक भी मिल जाएगा.