Home Decor Idea : रेनोवेशन या घर की मरम्मत के बाद अक्सर कुछ टाइल्स बच जाती हैं। ज्यादातर लोग इन्हें बेकार समझकर स्टोर रूम के किसी कोने में रख देते हैं या फेंक देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी से इन्हीं टाइल्स का इस्तेमाल घर की सजावट और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए किया जा सकता है। इससे न सिर्फ पुरानी चीजों का दोबारा इस्तेमाल होगा, बल्कि कम खर्च में घर को आकर्षक लुक भी मिलेगा.
1. स्टाइलिश कोस्टर बनाएं
छोटी टाइल्स को आसानी से कप, गिलास और मग रखने के लिए कोस्टर में बदला जा सकता है. इनके नीचे रबर या फेल्ट लगा दें, ताकि फर्नीचर पर खरोंच न आए। खूबसूरत डिजाइन वाली टाइल्स को बिना किसी अतिरिक्त सजावट के भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
2. मोजेक टेबल तैयार करें
अलग-अलग डिजाइन और रंगों वाली बची टाइल्स को छोटे टुकड़ों में लगाकर पुरानी टेबल को नया रूप दिया जा सकता है। टाइल्स को अपनी पसंद के पैटर्न में सजाकर मोजेक स्टाइल की टेबल बनाई जा सकती है.
3. गमलों को दें नया लुक
सादे गमलों को टाइल्स के छोटे टुकड़ों से सजाया जा सकता है. इन्हें गमले की बाहरी सतह पर चिपकाकर एक यूनिक डिजाइन तैयार करें। इससे बालकनी या घर का छोटा गार्डन ज्यादा खूबसूरत दिख सकता है.
4. सर्विंग ट्रे बनाएं
एक मजबूत लकड़ी के बोर्ड पर टाइल लगाकर आकर्षक सर्विंग ट्रे बनाई जा सकती है। किनारों पर हैंडल जोड़ने से इसका इस्तेमाल और आसान हो जाएगा.
5. फ्रिज मैग्नेट तैयार करें
छोटी और हल्की टाइल्स के पीछे मैग्नेट चिपकाकर सुंदर फ्रिज मैग्नेट बनाए जा सकते हैं। बच्चों के साथ यह एक आसान DIY प्रोजेक्ट भी बन सकता है.
6. वॉल डेकोरेशन में करें इस्तेमाल
बची हुई टाइल्स से दीवार पर छोटा पैटर्न, बॉर्डर या आर्ट पीस तैयार किया जा सकता है. अलग-अलग रंगों की टाइल्स को मिलाकर कमरे में एक खास डिजाइन बनाया जा सकता है.
7. नंबर प्लेट या नेम प्लेट बनाएं
मजबूत टाइल के ऊपर घर का नंबर या परिवार का नाम लिखकर उसे दरवाजे के पास लगाया जा सकता है. यह साधारण और बजट-फ्रेंडली डेकोरेशन आइडिया है.
इस तरह बची हुई टाइल्स को फेंकने के बजाय रचनात्मक तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। थोड़ी मेहनत और सही आइडिया के साथ पुरानी टाइल्स घर की सजावट को नया और खास अंदाज दे सकती हैं.