LIC Yuva Term Plan : भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अपने ग्राहकों के लिए कई तरह की बीमा योजनाएं चलाता है। इनमें एलआईसी युवा टर्म प्लान काफी चर्चा में है। यह योजना कम प्रीमियम में बड़ा बीमा कवर देने के लिए जानी जाती है। इस योजना के तहत 50 लाख रुपये से लेकर 5 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर लिया जा सकता है, जिससे परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिलती है।
कौन ले सकता है यह योजना?
एलआईसी युवा टर्म प्लान 18 से 45 वर्ष तक के लोगों के लिए उपलब्ध है। पॉलिसी अवधि 10 साल से 40 साल तक चुनी जा सकती है। वहीं परिपक्वता आयु 33 वर्ष से 75 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। यानी युवा वर्ग के लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार लंबी अवधि की सुरक्षा चुन सकते हैं।
24 रुपये रोजाना में 50 लाख कवर
यदि 30 वर्ष का कोई व्यक्ति 50 लाख रुपये का बीमा कवर लेता है, 20 साल की पॉलिसी अवधि चुनता है और 10 साल तक प्रीमियम भुगतान का विकल्प लेता है, तो एलआईसी के आंकड़ों के अनुसार उसका सालाना प्रीमियम करीब 8,750 रुपये बनता है। यानी प्रतिदिन लगभग 24 रुपये खर्च करके 50 लाख रुपये का बीमा कवर हासिल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें : Diwali से पहले टिकटों की मारामारी, इन 5 उपायों से बढ़ सकती है कन्फर्म सीट मिलने की उम्मीद
प्रीमियम भुगतान के कई विकल्प
इस योजना में ग्राहकों को प्रीमियम भुगतान के अलग-अलग विकल्प मिलते हैं। नियमित प्रीमियम में पूरी अवधि तक भुगतान करना होता है। सीमित प्रीमियम विकल्प में कम वर्षों तक प्रीमियम देकर लंबी अवधि का कवर लिया जा सकता है। वहीं एकमुश्त प्रीमियम का विकल्प भी उपलब्ध है, जिसमें पूरी राशि एक बार में जमा की जाती है।
मृत्यु लाभ की सुविधा
पॉलिसी अवधि के दौरान बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को मृत्यु लाभ दिया जाता है। लाभ की राशि चुने गए प्रीमियम विकल्प और बीमा कवर के आधार पर तय होती है। योजना का मुख्य उद्देश्य परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में उन्हें वित्तीय संकट का सामना न करना पड़े।
किस्तों में भी मिल सकता है भुगतान
इस योजना की एक विशेष सुविधा यह भी है कि नामित व्यक्ति मृत्यु लाभ की राशि एकमुश्त लेने के बजाय 5, 10 या 15 वर्षों तक किस्तों में प्राप्त कर सकता है। इच्छुक ग्राहक इस योजना को एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन या किसी अधिकृत एजेंट के जरिए ऑफलाइन खरीद सकते हैं।