
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में मंगलवार को एक लिफ्ट में खराबी आने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लिफ्ट में चार महिलाओं सहित कुल आठ लोग फंस गए थे। करीब 15 मिनट तक लिफ्ट दो मंजिलों के बीच अटकी रही, जिसके बाद गार्ड और टेक्नीशियन की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
क्या हुआ था?
यह घटना टावर नंबर 12 में हुई, जब आठ लोग लिफ्ट का इस्तेमाल कर रहे थे। लिफ्ट ऊपरी मंजिल की तरफ जा रही थी, तभी अचानक उसमें एक तेज झटका लगा और वह दो फ्लोर के बीच रुक गई। लिफ्ट के अंदर फंसे लोगों के मोबाइल में नेटवर्क नहीं आ रहा था, जिससे वे बाहर संपर्क नहीं कर पा रहे थे। बताया जाता है कि लिफ्ट में मौजूद एक बुजुर्ग महिला घबराने लगीं, जिसके बाद लोगों ने हिम्मत करके लिफ्ट का इमरजेंसी बटन दबाया।
15 मिनट बाद मिली राहत
इमरजेंसी बटन दबाने पर सोसायटी के गार्ड और टेक्नीशियन मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट को खोला और सभी आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लिफ्ट में फंसे एक व्यक्ति ने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई और सोसायटी प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की।
लापरवाही का आरोप
वीडियो में फंसे हुए व्यक्ति ने आरोप लगाया कि सोसायटी की लिफ्टों का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है और ये अक्सर खराब होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि "लिफ्ट एक्ट" लागू होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। निवासियों ने बिल्डर पर लापरवाही का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यहां उनकी जान की कोई कीमत नहीं है।