Liquor Shops in Delhi to Remain Closed: दिल्लीवासियों के लिए जरूरी खबर है। राजधानी में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी रिटेल दुकानें बंद रहेंगी। दिल्ली के आबकारी विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के तहत अलग-अलग लाइसेंस श्रेणियों के तहत चलने वाली शराब की खुदरा दुकानों को इन दोनों दिनों में बिक्री बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यानी सरकारी हो या निजी, दिल्ली में शराब की खुदरा बिक्री नहीं होगी। विभाग का कहना है कि यह फैसला सामान्य ड्राई डे के बजाय मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए लिया गया है।
पुलिस के इनपुट के बाद लिया गया फैसला
आबकारी विभाग के आदेश के मुताबिक, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और राजधानी में बने मौजूदा माहौल को देखते हुए शराब की दुकानों को दो दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इन दो दिनों के दौरान संबंधित लाइसेंस वाली शराब की दुकानों को अपने परिसर में बिक्री पूरी तरह बंद रखनी होगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह कदम एहतियाती तौर पर उठाया है।
10 अक्टूबर को सीजेपी का प्रदर्शन प्रस्तावित
दरअसल, 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से कहा गया था कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सीजेपी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रही है।
यह भी देखेंःNana Patekar Death News Live: नाना पाटेकर के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे फडणवीस, थोड़ी देर में अंतिम संस्कार
दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा, 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, राजधानी में 20 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है। सुरक्षा बलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत सभा या प्रदर्शन का हिस्सा न बनें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। शराब की दुकानों को बंद रखने का फैसला भी इसी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बताया गया है। ऐसे में 9 और 10 अक्टूबर को दिल्ली में शराब खरीदने की योजना बना रहे लोगों को पहले से इसकी जानकारी रखना जरूरी है। प्रशासन की नजर इन दोनों दिनों में राजधानी की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था पर रहेगी।