आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में बांग्लादेश का बल्ला ऐसा चला कि ढाका की पिच भी हैरान रह गई लेकिन इस पूरे मुकाबले की सबसे बड़ी कहानी थे लिटन दास, वह खिलाड़ी जिसने मैदान पर ऐसा धमाका किया कि आयरलैंड के गेंदबाज सिर्फ देखते रह गए. पहले मुश्फिकुर रहीम ने अपने 100वें टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया, और फिर लिटन दास ने भी अपनी क्लासिक बल्लेबाजी से शतक ठोक दिया. 192 गेंदों में 128 रन ये सिर्फ रन नहीं थे, बल्कि बयान था कि बांग्लादेश का यह स्टार बल्लेबाज अब दुनिया के बड़े खिलाड़ियों की लाइन में शामिल हो चुका है. उनकी पारी ने टीम को 400 के पार पहुंचाया और मैच पूरी तरह बांग्लादेश की पकड़ में आ गया.
तीन बड़े रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
लिटन दास की इस पारी की खास बात ये रही कि उन्होंने एक ही मैच में तीन बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. पहला शतक लगाकर उन्होंने बांग्लादेश के टेस्ट क्रिकेट में दिग्गजों के क्लब में आधिकारिक एंट्री कर ली। दूसरा उनकी यह पारी मुश्फिकुर रहीम के साथ सातवीं शतकीय साझेदारी थी, जो बांग्लादेश की किसी भी टेस्ट जोड़ी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। तीसरा इस पारी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाले देश के सबसे तेज़ बल्लेबाजों में शामिल हो गए। उनकी शॉट सिलेक्शन, टाइमिंग और धैर्य ने दिखा दिया कि रेड-बॉल क्रिकेट में वह बांग्लादेश की नई रीढ़ बन चुके हैं। जहां एक तरफ आयरलैंड के बल्लेबाज स्पिन के सामने टूटते गए, वहीं लिटन दास बर्फ की तरह शांत, और तलवार की तरह धारदार दिखाई दिए।
क्रिकेट बोर्ड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल
अब बात उस विषय पर, जिसकी चर्चा मैदान के बाहर भी खूब हो रही है लिटन दास की नेटवर्थ की, दऱअसल रनों की बारिश तो वे लगातार करते ही हैं, लेकिन उनके ऊपर पैसों की बारिश भी कम नहीं होती। मीडिया रिपोर्ट्स और फाइनेंशियल आंकड़ों के मुताबिक, इस समय लिटन दास की कुल नेटवर्थ ₹25 करोड़ से ₹30 करोड़ के बीच है यानी क्रिकेट की भाषा में कहें तो, जितने स्टाइलिश उनके शॉट हैं, उतनी ही स्टाइलिश उनकी कमाई भी है। वो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हैं, जहां से उन्हें हर महीने मोटी सैलरी मिलती है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मैच फीस टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट में उनकी कमाई अलग से होती है
इसे भी पढ़ें : Bangladesh के Litton Das का धमाका, Mirpur में शतक के साथ बनाए 3 बड़े रिकॉर्ड, दिग्गजों के क्लब में हुई एंट्री
बांग्लादेश प्रीमियर लीग से खूब कमाई
कमाई के सबसे बड़े सोर्स में से एक है बांग्लादेश प्रीमियर लीग जहां टीम मालिक उन्हें हर सीजन में मोटी रकम देकर अपनी टीम में शामिल करते हैं। वहीं ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापन भी उनकी कमाई में तड़का लगाते हैं। क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण कई स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बनाती हैं। लिटन दास जब क्रीज पर खड़े होते हैं, तो गेंदबाजों के साथ-साथ विज्ञापन कंपनियों की धड़कन भी बढ़ जाती है, क्योंकि ऐसा खिलाड़ी पैसा भी खींचता है और दर्शक भी खेल देखकर रोमांचित हो जाते हैं
कमाई और करियर अभी सिर्फ शुरुआत
लिटन दास की कमाई और करियर अभी सिर्फ शुरुआत पर हैं। 2015 से अब तक उन्होंने 52 टेस्ट खेले हैं और 3117 रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी का स्तर हर साल ऊपर जा रहा है, और यह बात बिल्कुल साफ दिख रही है कि आने वाले समय में उनकी नेटवर्थ भी तेजी से बढ़ेगी। मीरपुर का यह शतक सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट में एक नए सुपरस्टार के उदय का संकेत है। और अब जब वे दिग्गजों के क्लब में शामिल हो चुके हैं, तो यह कहना गलत नहीं होगा कि लिटन दास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आइकन बनने जा रहे हैं।