लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यापार नगरी विकसित करने की पहल की गई है। हाल में हुई यीडा बोर्ड बैठक में चीन की यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी की तर्ज पर इसकी परिकल्पना की गई। इसका उद्देश्य उद्योग, व्यापार और निर्यात के लिए एक संगठित केंद्र तैयार करना है।
प्रस्तावित नगरी में विभिन्न औद्योगिक उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और निर्यात की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्थानीय उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाइयों को देश-विदेश के खरीदारों तक सीधे पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। निर्यातकों और विदेशी खरीदारों के बीच व्यावसायिक संपर्क बढ़ाने के लिए भी यहां सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यमुना क्षेत्र में विकसित हो रहा नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एक्सप्रेसवे संपर्क और औद्योगिक ढांचा इस परियोजना के लिए अहम आधार बन सकते हैं। इससे माल की आवाजाही और अंतरराष्ट्रीय कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।
एक जनपद-एक उत्पाद के तहत तैयार होने वाले विशिष्ट उत्पादों को भी यहां नया बाजार मिल सकता है। प्रस्तावित केंद्र से उत्पादन, भंडारण, परिवहन, पैकेजिंग और निर्यात सेवाओं से जुड़े कारोबार में विस्तार तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को उत्पादन के साथ वैश्विक व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाना है।