मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो मासूम बच्चियों के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटारा हिल्स इलाके में मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की पार्किंग के पास खेल रही दो बच्चियों को तीन नकाबपोश बदमाश और एक महिला जबरन जंगल की ओर ले गए। इसी दौरान बच्चियों की चीख सुनकर एक चरवाहा मौके पर पहुंचा और बदमाशों से भिड़ गया, जिसके बाद आरोपी बच्चियों को छोड़कर फरार हो गए।
पार्किंग में खेल रही थीं बच्चियां, नकाबपोशों ने बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक घटना कटारा हिल्स क्षेत्र की एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के पास की है। बताया जा रहा है कि एक बच्ची अपनी सहेली के घर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की डांस रिहर्सल के लिए आई थी। रिहर्सल खत्म होने के बाद दोनों बच्चियां बिल्डिंग की पार्किंग के पास छुपन-छुपाई खेल रही थीं। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश और उनके साथ मौजूद एक महिला वहां पहुंचे और दोनों बच्चियों को जबरन पकड़कर पीछे जंगल की तरफ ले गए।
जंगल में ले जाकर मारपीट, बच्चियों की चीख से पहुंचे चरवाहा
बदमाश बच्चियों को जंगल की ओर ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई और गलत काम करने की कोशिश की गई। इस दौरान दोनों बच्चियों ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। बच्चियों की आवाज सुनकर पास में गाय चरा रहा एक चरवाहा मौके पर पहुंच गया। उसने बिना डर के आरोपियों का विरोध किया और उनसे भिड़ गया। चरवाहे के विरोध के बाद आरोपी बच्चियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
दो घंटे बाद घर पहुंचीं बच्चियां, पुलिस को दी जानकारी
घटना के बाद दोनों बच्चियां किसी तरह वहां से निकलकर करीब दो घंटे बाद अपने घर के आसपास पहुंचीं। इसके बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी गई। परिवार ने तुरंत कटारा हिल्स थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्चियों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
कटारा हिल्स पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी चेहरे को कपड़े से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी महिला के साथ करीब दो साल का बच्चा भी मौजूद था।
जंगल और आसपास के इलाकों में चलाया गया सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल व आसपास के क्षेत्रों में कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।