ट्रंप प्रशासन की ओर से इमीग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट (ईसीई) के एजेंटों को तैनात करने के फैसले के बीच परिवहन सुरक्षा प्रशासन पर बढ़ते दबाव को कम करने की कोशिश हो रही है। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के शटडाउन के दौरान अमेरिका के प्रमुख हवाई अड्डों पर लंबी सुरक्षा कतारें देखी गईं। यात्रियों में बढ़ती निराशा साफ नजर आई।
व्हाइट हाउस के सीमा मामलों के प्रमुख टॉम होमन ने बताया कि इमीग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट (ईसीई) के एजेंट सोमवार से हवाई अड्डों पर तैनात किए जाएंगे और वे प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सुरक्षा में मदद करेंगे, ताकि स्टाफ की कमी के कारण ट्रांसपोर्ट सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (टीएसए) पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके। रिपोर्ट के अनुसार, होमन ने कहा कि आईसीई एजेंट एक्स-रे जांच जैसे विशेष स्क्रीनिंग कार्य नहीं करेंगे लेकिन वे निकास द्वारों की निगरानी और यात्रियों की पहचान जांचने जैसे कामों में मदद कर सकते हैं।
यह बेहद गलत और अस्वीकार्य है
शटडाउन के दौरान होने वाली अव्यवस्था को लेकर प्रशासन और डेमोक्रेट्स ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरोलिन लेविट ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि “कांग्रेस के डेमोक्रेट्स जानबूझकर डीएचएस को बंद रखकर अमेरिकी यात्रियों और संघीय कर्मचारियों को यह तकलीफ़ दे रहे हैं। यह बेहद गलत और अस्वीकार्य है।”
कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा
रिपोर्ट के अनुसार, देशभर के हवाई अड्डों पर लंबी टीएसए लाइनें और यात्रा में बाधाएं देखने को मिल रही हैं क्योंकि शटडाउन के दौरान स्टाफ की कमी गंभीर हो गई है। कुछ जगहों पर यात्रियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा
लुइस आर्मस्ट्रांग न्यू ओरलेंस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक यात्री ने कहा, “लाइन को पार्किंग गेराज तक भेजा जा रहा है।” सीबीएस न्यूज ने बताया कि अटलांटा के हार्ट्सफील्ड जैक्सन अटलांटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों को पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा क्योंकि शटडाउन के कारण स्टाफ की भारी कमी और टीएसए की देरी बढ़ गई।
हवाई अड्डे पर लगभग 3 घंटे तक की प्रतीक्षा
रिपोर्ट में कहा गया कि अटलांटा हवाई अड्डे पर लगभग 3 घंटे तक की प्रतीक्षा हुई, और एक यात्री ने एक्स पर लिखा, “लाइन बैगेज क्लेम के चारों ओर लपेट रही है और यह पूरी तरह पागलपन है।” रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि शटडाउन के दौरान एजेंटों को वेतन न मिलने के कारण टीएसए कर्मचारियों में दैनिक अनुपस्थिति 40 प्रतिशत तक बढ़ गई।