23 की उम्र में 25 दुल्हों संग कांड, मामला जान हो जाएंगे आप भी हैरान, जी हां एक ऐसी शातिर महिला को पुलिस ने दबोचा है जिसने महज सात महीनों में 25 फर्जी शादियां कर दूल्हों को लूटा. 23 साल की अनुराधा पासवान, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के कोल्हुई बाजार की रहने वाली है, और उसे 'लुटेरी दुल्हन' के नाम से जाना जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी से कई राज्यों में फैली एक बड़ी ठगी का पर्दाफाश हुआ है.
अमीर बनने की चाहत और गलत राह
अनुराधा ने 2018 में विशाल पासवान से प्रेम विवाह किया था और गोरखपुर के एक अस्पताल में एग डोनर के रूप में काम करती थी. पति से विवाद के बाद उसने ससुराल छोड़ दिया और परिवार से भी नाता तोड़ लिया. भोपाल आकर उसने जल्द अमीर बनने की अपनी ललक पूरी करने के लिए ठगी का रास्ता चुना. यहीं उसकी मुलाकात गोलू से हुई, जो पहले से ही फर्जी शादी कराने वाले गिरोह का सदस्य था.
ठगी का संगठित नेटवर्क
अनुराधा भोपाल में सक्रिय एक गिरोह के साथ मिलकर काम करने लगी. इस गिरोह के सदस्य, जिनमें रोशनी, सुनीता, रघुवीर, गोलू और मजबूत सिंह यादव शामिल थे, दूल्हे की तलाश में पुरुषों से संपर्क करते. वे मोबाइल पर दुल्हन की तस्वीरें दिखाते और 2 से 5 लाख रुपए में सौदा तय करते थे. इसके बाद एक फर्जी विवाह समझौता तैयार होता और कोर्ट में शादी करवाई जाती थी. शादी के कुछ ही दिनों बाद, अनुराधा दूल्हे के घर से जेवर, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो जाती थी.
शिकायत और गिरफ्तारी
अनुराधा की किस्मत तब पलटी जब सवाई माधोपुर के मानटाउन थाने में विष्णु शर्मा नाम के एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई. उसने बताया कि उसे मनपसंद दुल्हन से शादी का लालच देकर 2 लाख रुपए ऐंठे गए और अनुराधा शादी के कुछ ही दिनों बाद गायब हो गई. भोपाल पुलिस ने बोगस ग्राहक बनकर अनुराधा से संपर्क किया और उसे धर दबोचा. अनुराधा ने पूछताछ में 7 महीनों में 25 शादियां करने की बात कबूल की है. उसके शिकार राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई लोग हैं.