
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे में गुरुवार देर रात एक जबरदस्त धमाके ने पूरे कस्बे को हिला कर रख दिया। मेन बाजार में हुए इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। धमाका अनिल ज्वैलर्स, मदन ज्वैलर्स और आरिफ रेडीमेड की दुकानों के आसपास हुआ, जिससे तीनों दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों की छत (लेंटर) टूट गई और अंदर का सारा सामान बिखर गया। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी गई।
व्यापारियों में डर का माहौल, लाखों का नुकसान
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास रहने वाले लोग काफी डरे हुए हैं और दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है। क्षतिग्रस्त दुकानों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आंकलन अभी बाकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका ना तो सिलेंडर फटने से हुआ, ना ही किसी मशीन की खराबी से, जिससे घटना और भी रहस्यमयी बन गई है। इसको लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
यह भी पढ़ेंःTurkey Boycott: तुर्की को भारत से टकराने की बड़ी कीमत, भारतीयों ने दिया सख्त जवाब
प्रशासन सतर्क, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को एसपी देहात आदित्य बंसल और एसडीएम बुढ़ाना अपूर्व यादव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। फिलहाल पुलिस धमाके के असली कारण का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने तक बाजार में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस की गश्त भी तेज कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।