
नोएडा के फेज तीन थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को आलाकत्ल समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव का नतीजा बताई जा रही है।
दोनों परिवारों में पहले से आना-जाना था
अलीगढ़ के नोजलपुर गांव निवासी अमित अपनी पत्नी रूबी और तीन बच्चों के साथ गढ़ी चौखंडी के गली नंबर नौ में किराए पर रहता था। पड़ोस में जेवर निवासी राहुल भी किराए पर रह रहा था। राहुल और रूबी एक ही फैक्ट्री में काम करते थे, जबकि अमित दूसरी फैक्ट्री में कार्यरत था। राहुल अक्सर रूबी को फैक्ट्री ले जाता और घर छोड़ता था। इतना ही नहीं, वह रूबी के घर पर ही सुबह-शाम खाना भी खाता था। दोनों परिवारों में पहले से आना-जाना था, लेकिन धीरे-धीरे राहुल और रूबी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
मौका पाकर प्लाट में घुस गया
शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे राहुल शराब के नशे में अमित के कमरे पर पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा। अमित के बेटे और अन्य किरायेदारों ने उसे बाहर निकालकर प्लाट का गेट बंद कर दिया। कुछ देर बाद जब अमित और रूबी बाजार से लौटे, तो राहुल गेट पर फिर से हंगामा करता मिला और मौका पाकर प्लाट में घुस गया। थोड़ी देर बाद राहुल लहूलुहान हालत में प्लाट में पड़ा मिला। अमित और रूबी ने उसे बाइक से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानसिक रूप से परेशान था
पुलिस जांच में सामने आया कि अमित ने अपने पड़ोसी उमेश के साथ मिलकर राहुल की चाकू से हत्या की। पूछताछ में अमित ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी के राहुल से अवैध संबंध थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। फेज तीन थाना पुलिस ने अमित कुमार और उमेश को हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसीपी वर्णिका सिंह ने बताया कि आरोपी को आलाकत्ल समेत गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पारिवारिक तनाव और अवैध संबंध किस हद तक खतरनाक साबित हो सकते हैं। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।