
चार दिन पहले रेलवे लाइन स्थित झाड़ियों से मिले महिला के शव की पहचान हो गई है। महिला की हत्या प्रेमी ने गला रेत कर की थी। हत्या से पहले दोनों साथ बैठकर शराब पी थी और नशा होने पर प्रेमी ने चाकू से गले पर वार किए थे। पुलिस ने आलाकत्ल चाकू बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बता दें कि चार अक्टूबर को टीपी नगर थाना पुलिस को पूठा गांव रेलवे लाइन के पास झाड़ियों से एक महिला का शव मिला था, जिसकी गला रेत कर हत्या की गई। महिला की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया था। घटना के खुलासे का टास्क एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा को दिया था।
अनिता की हत्या का इकबाल कर लिया
घटना वाले दिन से ही वह महिला की पहचान के प्रयास में लगे थे। सीओ सौम्या अस्थाना ने बताया, काफी प्रयास के बाद महिला की पहचान 40 वर्षीय अनिता निवासी सरसवा थाना दौराला के रूप में हुई। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मनोज मास्टर निवासी डूगरावली थाना परतापुर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अनिता की हत्या का इकबाल कर लिया। मनोज ने पुलिस को बताया, सात साल पहले वह एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक था और घर पर बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। इसी दौरान उसकी पहचान अनीता की बहन सरिता से हुई, जिनके बच्चे उसके पास ट्यूशन पढ़ने आते थे।
रेलवे लाइन के पास बैठकर शराब पी
उसी माध्यम से अनीता से उसका परिचय हुआ। इसके बाद वह और अनीता बात करने लगे और दोनों में प्रेम संबंध बन गए। दोनों अकसर साथ-साथ बैठकर शराब पीते थे। आरोपी को शक का था कि अनिता के संबंध अन्य लोगों से भी है। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने बताया, तीन अक्टूबर की शाम को दोनों ने पूठा गांव के जंगल से होकर गुजर रही रेलवे लाइन के पास बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों में कहासुनी हो गई और गुस्से में आकर आरोपी ने साथ लाए चाकू से अनिता की गला रेत कर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक कर भाग गया था। पुलिस के मुताबिक आठ साल पहले आरोपी की पत्नी की मौत हो चुकी है। टीपी नगर थाना प्रभारी ने बताया, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू बरामद कर लिया।