Lovlina Borgohain Map Row : 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन एक अलग वजह से सुर्खियों में आ गईं। स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में एक रेस्तरां में डिनर के दौरान उनकी नजर भारत के एक गलत नक्शे पर पड़ी। नक्शे में पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा नहीं दिखाया गया था, जिसे देखकर लवलीना ने तुरंत आपत्ति दर्ज कराई।
पूर्वोत्तर को गायब देख जताई नाराजगी
लवलीना ने रेस्तरां प्रबंधन से कहा कि भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर क्षेत्र को नहीं दिखाया गया है और पूर्वोत्तर से होने के नाते यह बात उन्हें दुख पहुंचाती है। उन्होंने साफ शब्दों में अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए सही नक्शे के इस्तेमाल की बात कही। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने लवलीना के रुख की सराहना की और रेस्तरां से जवाब मांगा। बढ़ते विवाद के बाद रेस्तरां प्रबंधन ने आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि गलत नक्शे वाले लोगो को हटाकर सही नक्शे का इस्तेमाल किया जाएगा।
भारतीय दूतावास ने भी लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्लासगो स्थित भारतीय दूतावास ने भी मामले को गंभीरता से लिया। दूतावास की ओर से इस मुद्दे को संबंधित रेस्तरां के सामने उठाया गया। इसके बाद रेस्तरां ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सुधार का आश्वासन दिया।
बॉक्सिंग में भी भारत का दम
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 10 पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए टीम रेस्तरां पहुंची थी, जहां यह पूरा मामला सामने आया।
इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया की कैप मिली, लेकिन दूसरा मौका नहीं... 5 खिलाड़ियों का डेब्यू ही बन गया आखिरी मैच
PM मोदी ने की सराहना
कॉमनवेल्थ गेम्स से लौटे खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लवलीना बोरगोहेन की सराहना की। उन्होंने उनके कदम को देश और खासकर पूर्वोत्तर भारत के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण बताया। लवलीना की इस प्रतिक्रिया को अब खेल जगत के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।