Gas Cylinder Price Hike : अक्टूबर की शुरुआत कारोबारियों के लिए महंगाई का झटका लेकर आई है। तेल कंपनियों ने 1 अक्टूबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है। अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत करीब 60 से 71.50 रुपये तक बढ़ी है। हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो LPG सिलेंडर को लेकर आम लोगों को फिलहाल राहत मिली है। इसकी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दिल्ली में 62.50 रुपये बढ़े दाम
राजधानी दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 2,810 रुपये में मिलेगा। पिछले महीने इसकी कीमत 2,747.50 रुपये थी। यानी अक्टूबर में दिल्ली के ग्राहकों को प्रति सिलेंडर 62.50 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। सितंबर में भी कमर्शियल LPG की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। ऐसे में लगातार दूसरे महीने इस श्रेणी के सिलेंडर की कीमत बढ़ाई गई है।
पटना में सबसे बड़ी बढ़ोतरी
कमर्शियल LPG के दामों में सबसे ज्यादा इजाफा प्रमुख शहरों में पटना में देखने को मिला है। यहां 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 71.50 रुपये बढ़ाई गई है। सितंबर में जो सिलेंडर 3,029 रुपये का था, अब उसके लिए 3,100.50 रुपये चुकाने होंगे। अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो चेन्नई में 19 किलो के सिलेंडर का रेट 66.50 रुपये बढ़कर 2,983 रुपये हो गया है। मुंबई में 63 रुपये की वृद्धि के बाद नया भाव 2,764 रुपये पहुंच गया है। लखनऊ में भी कीमत 62.50 रुपये बढ़ी है। यहां कमर्शियल सिलेंडर अब 2,932.50 रुपये में मिलेगा।
लेह में कमर्शियल सिलेंडर सबसे महंगा
देश के अलग-अलग हिस्सों में LPG की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। लद्दाख के लेह में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर सबसे महंगा है। यहां 64.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 3,450 रुपये हो गई है। कन्याकुमारी में 19 किलो के सिलेंडर का नया रेट 3,046 रुपये है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के तवांग में इसकी कीमत बढ़कर 3,073.50 रुपये पहुंच गई है।
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
कमर्शियल LPG की कीमत बढ़ने के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार राहत मिली है। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के रेट में तेल कंपनियों ने कोई बदलाव नहीं किया है। फिलहाल दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर 942 रुपये का मिल रहा है। मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है। पटना में घरेलू सिलेंडर के लिए 1,031.50 रुपये देने पड़ रहे हैं, जबकि लखनऊ में इसका भाव 979.50 रुपये है। लेह में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 1,179 रुपये बनी हुई है।
किसे पड़ेगा ज्यादा असर?
कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैंटीन और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होता है। कीमत बढ़ने से इन कारोबारों की ईंधन लागत बढ़ सकती है। इसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। वहीं, घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं होने से घरेलू बजट पर फिलहाल कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा है।