रसोई में LPG सिलेंडर खत्म होना शायद हर घर का सबसे बड़ा सिरदर्द है। लेकिन अब इस परेशानी का स्थायी समाधान आ गया है। LPG कंपनियों ने डबल बॉटल कनेक्शन यानी DBC की सुविधा दी है, जिसमें एक ही पते पर उपभोक्ता दो सिलेंडर रख सकते हैं। यानी एक खत्म हुआ तो दूसरा तुरंत इस्तेमाल करें और खाली सिलेंडर आराम से रिफिल के लिए भेज दें। यह सुविधा इंडेन, HP और भारत गैस तीनों में उपलब्ध है।
क्या है DBC और किसे मिलता है फायदा?
डबल बॉटल कनेक्शन की खासियत यह है कि गैस खत्म होने की टेंशन ही नहीं रहती। उपभोक्ता के नाम पर दो सिलेंडर जारी होते हैं, जिनमें से एक हमेशा बैकअप के रूप में घर में रहता है। यह सुविधा किसी भी LPG कस्टमर को मिल जाती है बस उसके पास गैस एजेंसी में पंजीकरण होना चाहिए। खास बात यह है कि यह योजना घरेलू उपयोग के लिए सबसे उपयोगी है, क्योंकि रसोई का काम बिना रुके चलता रहता है।
कैसे मिलेगा दूसरा सिलेंडर, जानें आसान प्रक्रिया
दिलचस्प बात यह है कि अब DBC के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं। आप इसे ऑनलाइन रजिस्टर कर सकते हैं. इंडेन का आधिकारिक लिंक
services.india.gov.in/service/detail/indane-online-facility-for-double-bottle-lpg-connection-booking-1 इसके लिए आधार कार्ड, कंज्यूमर नंबर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज चाहिए होते हैं। चाहें तो उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसी जाकर भी आवेदन कर सकता है. वहां एक साधारण फॉर्म और दस्तावेज जमा कराने होते हैं। थोड़ी सी औपचारिकताओं के बाद दूसरा सिलेंडर जारी कर दिया जाता है
इसे भी पढ़ें : कभी Lawrence का करीबी, अब कैसे बना जानी दुश्मन, कौन है Shahzad Bhatti, जिसने दी लॉरेंस के परिवार को धमकी, एक क्लिक में जानें 'क्राइम कुंडली'
कितना खर्च आएगा- ये जानना जरूरी है
DBC लेने पर एक बार का सुरक्षा जमा देना होता है, जिसकी राशि कंपनी और शहर के हिसाब से 1500 से 2500 रुपये के बीच होती है। इसमें सिलेंडर की सुरक्षा राशि, पहला रिफिल और कभी-कभी रेगुलेटर या पाइप का चार्ज भी शामिल होता है। यह पैसा सिर्फ एक बार देना होता है। इसके बाद दोनों सिलेंडरों पर सामान्य रिफिल की कीमत ही देनी होती है। यानी छोटा निवेश और बड़ी राहत रसोई कभी बंद नहीं होगी, गैस कभी बीच में खत्म नहीं होगी और कोई तनाव नहीं।