LPG e-KYC Deadline : एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। इंडेन, एचपी और भारत गैस जैसी कंपनियां अपने ग्राहकों को लगातार ई-केवाईसी पूरा करने के लिए अलर्ट भेज रही हैं। कंपनियों का कहना है कि 16 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर गैस सेवा से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
सिर्फ 6 दिन का समय बाकी
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने ई-केवाईसी के लिए 16 अगस्त की अंतिम तारीख तय की है। ग्राहकों को एसएमएस और सोशल मीडिया के जरिए लगातार जानकारी दी जा रही है। कंपनियों ने सलाह दी है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
क्या हो सकती है परेशानी?
कंपनियों की ओर से जारी संदेशों में कहा गया है कि तय समय सीमा तक ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर एलपीजी कनेक्शन से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा अधिसूचित घरेलू दरों पर सिलेंडर लेने में भी दिक्कत आ सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय रहते जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Trump की नई डिमांड से तेल बाजार में हड़कंप, कच्चा तेल 5% उछला, बढ़ा महंगाई का खतरा
जानिए घरेलू सिलेंडर के ताजा दाम
फिलहाल दिल्ली में 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है। कोलकाता में यह 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में मिल रहा है। अलग-अलग शहरों में स्थानीय करों और शुल्कों के कारण कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है।
उज्ज्वला लाभार्थियों को मिल रही राहत
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर साल चार रिफिल पर 300 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। उदाहरण के तौर पर दिल्ली में 942 रुपये वाला सिलेंडर लाभार्थियों को प्रभावी रूप से 642 रुपये में मिल जाता है। इससे करोड़ों परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है।
घर बैठे ऐसे करें e-KYC
एलपीजी ई-केवाईसी की प्रक्रिया काफी आसान है। इंडियन ऑयल के ग्राहक Indian Oil One ऐप के जरिए घर बैठे यह काम पूरा कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपने गैस एजेंसी कार्यालय जाकर या सिलेंडर डिलीवरी कर्मी की मदद से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। कंपनियों ने सभी ग्राहकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें।