LPG e-KYC Deadline : एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। गैस कंपनियों ने e-KYC कराने की अंतिम तारीख 16 अगस्त 2026 से बढ़ाकर अब 23 अगस्त 2026 कर दी है। इससे उन लाखों उपभोक्ताओं को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो किसी कारणवश तय समय सीमा तक अपनी e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों और सप्ताहांत के चलते कई लोग यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे, जिसके बाद समय बढ़ाने का फैसला लिया गया।
क्यों जरूरी है e-KYC?
पिछले कुछ महीनों से एलपीजी कंपनियां लगातार ग्राहकों से e-KYC कराने की अपील कर रही हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करना और सब्सिडी व घरेलू उपयोग से जुड़े लाभ सही लोगों तक पहुंचाना है। कंपनियों का कहना है कि आधार सत्यापन के जरिए उपभोक्ता की पहचान सुनिश्चित की जा रही है, जिससे फर्जी कनेक्शन और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
क्या e-KYC नहीं कराने पर कनेक्शन कट जाएगा?
कई उपभोक्ताओं के मन में यह सवाल है कि अगर e-KYC नहीं कराई गई तो क्या गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा। फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि कनेक्शन सीधे बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, e-KYC पूरी नहीं होने की स्थिति में घरेलू श्रेणी की सुविधाओं और लाभों पर असर पड़ सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को भविष्य में सिलेंडर बुकिंग या रियायती दरों से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें : WhatsApp पर PAN-Aadhaar भेजना पड़ सकता है भारी, सिर्फ पैसे नहीं आपकी पहचान भी हो सकती है खतरे में
घर बैठे भी पूरी कर सकते हैं प्रक्रिया
e-KYC कराने के लिए अब गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। गैस कंपनियों ने इस प्रक्रिया को ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है। उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन के जरिए घर बैठे ही e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन और डिजिटल सत्यापन की सुविधा दी गई है।
अलग-अलग कंपनियों के लिए अलग ऐप
इंडेन गैस के ग्राहक ‘इंडेन ऑयल वन’ ऐप के जरिए e-KYC कर सकते हैं। भारत गैस उपभोक्ता ‘हैलो BPCL’ ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि HP गैस ग्राहकों के लिए ‘HP Pay’ ऐप पर यह सुविधा उपलब्ध है। ऐप में लॉग इन करने के बाद आधार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
समय रहते पूरा कर लें काम
हालांकि डेडलाइन बढ़ा दी गई है, लेकिन उपभोक्ताओं को आखिरी समय का इंतजार नहीं करना चाहिए। 23 अगस्त तक का अतिरिक्त समय राहत जरूर है, लेकिन e-KYC जल्द पूरी कर लेने से भविष्य में गैस बुकिंग, सब्सिडी और अन्य सेवाओं में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकता है। गैस कंपनियां भी ग्राहकों से समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील कर रही हैं।