LPG Subsidy Rule Change: अगर आपके घर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर आता है और आप सब्सिडी का फायदा लेते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा होना जरूरी होगा। यानी जिन ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें जल्द इसे पूरा करना होगा।
जिनकी प्रक्रिया पूरी है उन्हें कुछ नहीं करना
जिन उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे ग्राहकों की सिलेंडर बुकिंग पहले की तरह जारी रहेगी और लागू सब्सिडी का फायदा मिलता रहेगा। सरकार के अनुसार 19 सितंबर 2026 तक करीब 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता यह प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं।
घर बैठे भी पूरा कर सकते हैं काम
इसके लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत हर किसी को नहीं है। उपभोक्ता अपने संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप से भी बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर सकते हैं। इंडेन ग्राहक इंडियनऑयल वन, भारत गैस ग्राहक हैलोबीपीसीएल और एचपी गैस ग्राहक एचपी पे ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी से भी प्रमाणीकरण कराया जा सकता है। गैस एजेंसी के शोरूम पर जाकर यह काम पूरा करने का विकल्प भी मौजूद है।
सब्सिडी पर पड़ेगा सीधा असर
नए नियम का सबसे अहम असर उन लोगों पर होगा, जिन्होंने अभी तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया है। 1 अक्टूबर के बाद सब्सिडी वाली दर पर रिफिल बुक करने के लिए प्रमाणीकरण पूरा करना होगा। सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया का मकसद सब्सिडी का फायदा सही और पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं को बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराना है, उनके लिए भी एलपीजी की सुविधा पूरी तरह बंद नहीं होगी। ऐसे ग्राहक अपनी पसंद दर्ज करके बाजार कीमत पर उपलब्ध विकल्प के तहत सिलेंडर ले सकते हैं।
आखिरी समय का इंतजार न करें
सरकार पहले ही कई बार प्रमाणीकरण की समय-सीमा बढ़ा चुकी है। अब 1 अक्टूबर से नया नियम लागू होने वाला है। ऐसे में अगर आपने अभी तक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराया है, तो आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय अपनी गैस कंपनी के ऐप, डिलीवरी कर्मचारी या गैस एजेंसी के जरिए यह काम पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।