Lucknow Car Incident : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर नजर आती है, जबकि कार आगे बढ़ती रहती है। आसपास मौजूद लोग कार रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले से एक-दूसरे को जानते थे दोनों
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। युवती का आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती और संबंध बनाए थे। बाद में जब उसे युवक की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। घटना वाले दिन भी दोनों का आमना-सामना हुआ था।
नई युवती के साथ देखकर हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के पास पहुंची थी। इसी दौरान उसने आरोपी को दूसरी युवती के साथ देखा। आरोप है कि पीड़िता ने कार रोककर उससे बात करने की कोशिश की। इसी बीच दोनों के बीच कहासुनी हुई और हालात बिगड़ गए। इसके बाद कार आगे बढ़ गई और युवती उसकी चपेट में आ गई।
चश्मदीदों ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवती कार के सामने आ गई थी और चालक ने वाहन नहीं रोका। कुछ लोगों ने दावा किया कि युवती कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने कार रोकने के लिए शोर मचाया और पत्थर भी फेंके, लेकिन चालक वहां से निकल गया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। कार नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
इसे भी पढ़ें : 100% टैरिफ का खतरा! रूस से तेल खरीदने पर भारत पर अमेरिका की बड़ी तैयारी, MEA ने दिया साफ जवाब
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल मामले में कई आरोप और दावे सामने आए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस घटना को चर्चा का विषय बना दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे क्या वजह थी और किसकी क्या भूमिका रही।