राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार इलाके में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है. ठरकपुर जागीर गांव स्थित पेट्रोल पंप संचालक दुर्गेश मिश्रा के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 97 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 2.5 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया. हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी से पहले चोरों ने फ्रिज से काजू-पिस्ता खाए और कमरे में बैठकर बीड़ी पी.
बेंगलुरु गए थे घरवाले
घटना के वक्त पीड़ित दुर्गेश मिश्रा अपने परिवार के साथ बेंगलुरु गए हुए थे. मंगलवार रात जब वह लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर का दृश्य देख वह दंग रह गए. तीन कमरों और चार अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था. जेवरों के बॉक्स, पर्स और अन्य कीमती वस्तुएं इधर-उधर फेंकी गई थीं.
ड्राइंग रूम में बीड़ी पी
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोर करीब दो से ढाई घंटे तक घर में रुके. इस दौरान उन्होंने फ्रिज से मेवे निकाले और बेफिक्री से ड्राइंग रूम और बेडरूम में बीड़ी पी. मौके से जली हुई बीड़ियों को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. डॉग स्क्वॉड ने मेन गेट, सीढ़ियों और सड़क तक चोरों के भागने के रास्ते के संकेत दिए हैं.
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
मामले की सूचना मिलते ही जानकीपुरम पुलिस, एसीपी अलीगंज धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे. अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और क्राइम ब्रांच समेत चार टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस ने इलाके के फेरीवालों, कबाड़ियों, कर्मचारियों और घुमंतू दवा विक्रेताओं समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है.
सीसीटीवी फुटेज से तलाशेंगे सुराग
पुलिस अब मुख्य मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पीड़ित दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि चोरी हुए जेवरातों की कीमत करीब 97 लाख रुपये है, जिसमें सोना, चांदी और हीरे के गहने शामिल हैं.
इलाके में दहशत का माहौल
इस हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात के बाद इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों को डर सता रहा है कि अगला निशाना कहीं उनका घर न बन जाए. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.