
Law student beaten: लखनऊ के एक निजी विश्वविद्यालय से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लॉ छात्र को उसके ही सहपाठियों ने कार में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि महज 90 सेकेंड के भीतर पीड़ित छात्र को 20 से ज्यादा थप्पड़ मारे गए। आरोपी छात्र-छात्रा लगातार उसे धमकाते रहे और चेहरा छिपाने से मना करते रहे। वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद छात्र सदमे में है और उसने कॉलेज जाना भी छोड़ दिया है।
वायरल वीडियो से भड़का गुस्सा
वीडियो में आरोपियों को यह कहते सुना जा सकता है कि पीड़ित ने उनकी सहपाठियों जाह्नवी और सौम्या के बारे में टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर उसे कार में बैठाकर मारपीट की गई। वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों और आम लोगों में आक्रोश फैल गया है। घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रबंधन मामले की वजह और घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रहे हैं।
एफआईआर और सस्पेंशन
पीड़ित छात्र के पिता मुकेश कुमार केसरवानी ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आयुष यादव, जाह्नवी मिश्रा, मिलाय बनर्जी, विवेक सिंह और आर्यमन शुक्ला समेत पांच छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आरोपित छात्रों को निलंबित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ कॉलेज कैंपस की सुरक्षा पर सवाल उठाती है, बल्कि छात्रों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को भी उजागर करती है।