गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया जा रहा है। हादसे के बाद विदेश फरार हुए दोनों भाइयों को प्रत्यर्पण के जरिए वापस लाया जा रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही गोवा पुलिस उन्हें हिरासत में ले सकती है। इस पूरे ऑपरेशन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने विस्तृत प्लान तैयार किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर कड़ी निगरानी
लूथरा ब्रदर्स की फ्लाइट के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर लैंड करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद गोवा पुलिस की विशेष टीम दोनों भाइयों को हिरासत में लेगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेशी
एयरपोर्ट से हिरासत में लेने के बाद लूथरा ब्रदर्स को सीधे द्वारका सेक्टर-9 स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां उनकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट में गोवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी, ताकि दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए गोवा ले जाया जा सके।
नाइट क्लब अग्निकांड से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित एक नाइट क्लब में 6-7 दिसंबर की रात हुई भीषण आग से जुड़ा है। इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आई थी। हादसे के कुछ ही घंटों बाद नाइट क्लब के मालिक बताए जा रहे लूथरा ब्रदर्स देश छोड़कर थाईलैंड चले गए थे।
थाईलैंड में गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण
भारत के अनुरोध पर थाईलैंड की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने दोनों भाइयों को फुकेत में उनके होटल से हिरासत में लिया था। इसके बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और इंटरपोल के जरिए कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उन्हें भारत लाया जा रहा है।
आगे की जांच पर टिकी निगाहें
लूथरा ब्रदर्स की भारत वापसी को इस मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि हादसे के पीछे लापरवाही के अलावा कोई आपराधिक साजिश तो नहीं थी। पीड़ित परिवारों को भी न्याय की उम्मीद है कि आरोपियों से सख्त पूछताछ के बाद सच्चाई सामने आएगी।