नई दिल्ली। राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात ‘मैडम ज़हर’ उर्फ नेहा को महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली नेहा असल में लारेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के लिए ड्रग्स सिंडिकेट और हथियार सप्लाई का काम संभाल रही थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नेहा, बिश्नोई गैंग के मुख्य गनमैन और हथियार सप्लायर बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की करीबी सहयोगी और कथित गर्लफ्रेंड है। दोनों पिछले सात वर्षों से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। बॉबी कबूतर वही अपराधी है, जिसने पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला
की हत्या से पहले रेकी कर हमलावरों को रूट और मूवमेंट की सटीक जानकारी मुहैया कराई थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार बॉबी कबूतर का नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विस इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े एजेंट ‘सलीम पिस्टल’ तक फैला हुआ था। वह सलीम पिस्टल से हथियारों की खेप लेकर बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग को सप्लाई करता था। मूसेवाला हत्याकांड के अलावा दिल्ली में चर्चित फायरिंग और मर्डर मामलों में भी इन हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
गैंग में ‘लेडी डॉन’ का बढ़ता ट्रेंड
सूत्र बताते हैं कि बिश्नोई नेटवर्क में ‘लेडी डॉन’ की भूमिका तेजी से बढ़ी है। हाशिम बाबा की पत्नी जोया खान पहले से जेल में है, वहीं अब नेहा उर्फ ‘मैडम ज़हर’ की गिरफ्तारी ने इस नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।
स्पेशल सेल की घेराबंदी
स्पेशल सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए बॉबी कबूतर, नेहा और दो अन्य गुर्गों—मोहम्मद राजी खान और शाहबाज—को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बॉबी लगातार पहचान बदलकर ठिकाने बदल रहा था, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस नेहा से बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के ड्रग्स कनेक्शन, हथियार सप्लाई चैन और अन्य गुप्त राज उगलवाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।