Madhubani Firing Case: बिहार के मधुबनी में बलिराजगढ़ गोलीकांड को लेकर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। घटना में लापरवाही बरतने और अधिकारियों को समय पर जानकारी नहीं देने के मामले में चौकीदार समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए लोगों में बलिराजगढ़ पिकेट में तैनात चार सैप जवान भी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को सेवा से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बुधवार, 4 नवंबर को एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता कर अब तक की कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। एसएसपी ने बताया कि गोली चलाने के आरोपी एएसआई चंद्र मोहन पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा भी की गई है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सदर डीएसपी-2 कामिनी कौशल की अगुवाई में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है।
आरोपी ASI को पकड़ने के लिए बिहार से नेपाल तक तलाश
फरार एएसआई चंद्र मोहन की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। उसकी तलाश में पहले पांच टीमों को लगाया गया था, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं मिलने पर अब टीमों की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई है। पुलिस की ये टीमें बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा नेपाल में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने तलाशी अभियान के लिए टीमों को तीन हिस्सों में बांटा है। इनमें चार टीमें मधुबनी जिले में, चार बिहार के दूसरे इलाकों में और बाकी चार नेपाल में आरोपी की तलाश कर रही हैं। आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
जल्द सुनवाई के लिए स्पीडी ट्रायल की तैयारी
गोलीकांड के पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले में तेजी से सुनवाई कराने की पहल की है। डीएम आनंद शर्मा और एसएसपी योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र भेजकर स्पीडी ट्रायल कराने का अनुरोध किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे सख्त से सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि पुलिस इस घटना को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि इस साल भी गंभीर आपराधिक मामलों में दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा दिलाई गई है। इस मामले में भी मजबूत पैरवी कर कठोर सजा सुनिश्चित कराने का प्रयास होगा।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में मृतक अशोक यादव की पत्नी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई। घटनास्थल से जुड़ी लड़की का बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है। उसके बयान के आधार पर केस में जरूरी धाराएं शामिल की गई हैं। दोनों लड़कियों की मेडिकल जांच कराई गई है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट के सामने उनके बयान भी दर्ज कराए गए हैं।
यह भी पढ़ें: SIR Update: यूपी की 403 सीटों पर बूथ विभाजन को मंजूरी, परिवार के सभी नाम एक बूथ पर जुड़ेंगे
5 नवंबर को परिवार से मिलेंगे तेजस्वी यादव
मधुबनी गोलीकांड को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 5 नवंबर को अशोक यादव के परिवार से मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह हैदराबाद से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दोपहर 4:10 बजे मृतक के घर जाएंगे। परिजनों से मुलाकात के बाद शाम 4:55 बजे पटना के लिए रवाना होंगे।