मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर पर एक ट्रक घाटी से उतरते वक्त बेकाबू हो गया। इसकी चपेट में करीब 50 लोग आ गए हैं, जिनमें से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मियों और कुछ बच्चों समेत 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए
जानकारी के अनुसार, धान की बोरियों से लदा एक ट्रक पहाड़ी से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के पास दुकानों से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बेकाबू ट्रक चीनोर की ओर से आते हुए शीतला माता मंदिर के प्रमुख बाहरी गेट के पास घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी वह गेट के आसपास बनी दुकानों में घुस गया। बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई दुकानों को नुकसान हुआ, तो कई दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
दो पुलिसकर्मियों समेत 27 लोग घायल
इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मियों समेत करीब 27 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने घायलों को अस्पताल के लिए भेजा। करीब पांच लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शव को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में रखा गया है।
शीतला माता मंदिर में हादसा
प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया से बात करते हुए बताया, "जब मैंने चारों ओर देखा, तो वहां भारी अफरा-तफरी और कोहराम मचा हुआ था। लोग चीख-पुकार कर रहे थे और घबराहट में अपने परिजनों को ढूंढ रहे थे। लोगों को ट्रक के नीचे फंसा हुआ देखना बेहद दुखद था। जहां तक लापरवाही की बात है, तो यह ग्वालियर प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है। एक बहुत बड़ी चूक है, जिसकी वजह से शीतला माता मंदिर में यह हादसा हुआ।"