.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Ddd1b28fd-3a06-4278-8bf4-089d77aabcbe&w=3840&q=75)
महाभारत के ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन : भारतीय टेलीविज़न इतिहास के स्वर्णिम अध्याय में अपना अमिट नाम दर्ज कराने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है. उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के प्रतिष्ठित धारावाहिक महाभारत में कर्ण का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रियता हासिल की थी. उनकी गंभीर आवाज़, भावनाओं से भरपूर अभिनय और तेजस्वी व्यक्तित्व ने कर्ण जैसे जटिल पात्र को जीवन्त बना दिया था.
68 वर्षीय पंकज धीर पिछले कुछ समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली. उनके निधन से टेलीविज़न और सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. पंकज धीर सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि एक प्रशिक्षक और मार्गदर्शक भी थे. उन्होंने एक्टिंग स्कूल के ज़रिए कई युवा कलाकारों को अभिनय की बारीकियाँ सिखाई. इसके अलावा वे कई फिल्मों और सीरियल्स में खलनायक और सहायक भूमिकाओं में भी नजर आए, जिनमें उनका अभिनय हमेशा सराहा गया.
उनके बेटे निकेतन धीर भी एक अभिनेता हैं और पंकज जी अक्सर उनके करियर में भी मार्गदर्शन करते रहे। पिता-पुत्र की यह जोड़ी इंडस्ट्री में आदर्श मानी जाती रही है. पंकज धीर का जाना एक युग के अंत जैसा है. 'कर्ण' जैसे पात्र को जिस गरिमा के साथ उन्होंने जीवंत किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उनके योगदान को भारतीय टेलीविज़न कभी भुला नहीं पाएगा.
भावभीनी श्रद्धांजलि।