
महराजगंज के कोतवाली ठूठीबारी इलाके के राजाबारी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां की रहने वाली नेहा रौनियार ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर पति नागेश्वर रौनियार की हत्या कर दी. साजिश इतनी खौफनाक थी कि नेहा ने पहले अपने बेटे आदविक को मिठाई में नींद की गोली मिलाकर सुला दिया. इसके बाद उसने पति को मिलने के बहाने किराए के मकान पर बुलाया, पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नेहा ने पति को पहले शराब पिलाई। जैसे ही नागेश्वर नशे में हुआ, नेहा ने दुपट्टे से उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर उसका गला दबाया.
पति के सीने पर बैठी और ली जान
आरोप है कि नेहा पति के सीने पर बैठ गई और गला दबाकर उसकी जान ले ली. वहीं जितेंद्र ने भी बेरहमी से वार किए. हत्या के बाद दोनों ने शव को नहलाकर कपड़े पहनाए और योजना बनाई कि इसे सड़क हादसा दिखाया जाएगा. हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपी दंपति ने शव को बाइक पर लादा और करीब 25 किलोमीटर दूर निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर ले जाकर सड़क पर फेंक दिया. शव मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान नागेश्वर रौनियार के रूप में की. इसके बाद पिता केशव राज रौनियार की तहरीर पर पुलिस ने बहू नेहा और उसके प्रेमी जितेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया.
ये भी पढ़ें : निशाने पर 'Goldy Brar', Disha Patani के परिवार को मिला Yogi का साथ, पाताल से निकालने की बोली ऐसे बात !
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का दर्द
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने बताया कि आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को रविवार सुबह दमकी गैस एजेंसी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों को जेल भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक नेहा पिछले एक साल से गांव के ही जितेंद्र के साथ प्रेम प्रसंग में थी. जब पति को शक हुआ तो नेहा ने ये खौफनाक कदम उठा लिया. बेटे को नशे की गोली खिलाकर पति की हत्या कर देना सुनकर गांव के लोग दंग रह गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.