Hingoli Three Earthquakes : महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में रविवार को एक बार फिर भूकंप का झटका महसूस किया गया। दोपहर करीब 1:31 बजे आए इस झटके की तीव्रता 2.5 दर्ज की गई। इसका केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के सिद्धेश्वर और दुधाला गांवों के बीच बताया गया है। लगातार भूकंपीय गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
24 घंटे में तीसरा झटका
रविवार का यह झटका पिछले 24 घंटे में हिंगोली में दर्ज हुआ तीसरा भूकंपीय झटका था। इससे पहले शनिवार सुबह करीब 7:46 बजे 3.3 तीव्रता का झटका आया था। इसके लगभग दो घंटे बाद 4.5 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के रिकॉर्ड में भी 3.3 और 4.5 तीव्रता के ये झटके दर्ज हैं।
लोगों ने सुनी तेज गड़गड़ाहट
पहले झटके के दौरान कुछ इलाकों में जमीन के अंदर से गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई देने की बात सामने आई। 4.5 तीव्रता वाला झटका जिले के कई हिस्सों में महसूस किया गया। लगातार झटकों के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में चिंता बढ़ गई।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं
रविवार को आए 2.5 तीव्रता के झटके के बाद फिलहाल किसी की मौत या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। हालांकि, इससे पहले आए झटकों के बाद कुछ घरों में दरारें आने की खबर सामने आई थी।
इसे भी पढ़ें : पत्नी को बोनट पर लटकाकर सौ मीटर तक दौड़ाई कार, प्रेमिका के साथ पति गिरफ्तार
छह साल से महसूस हो रही भूकंपीय हलचल
हिंगोली के इस इलाके में पिछले करीब छह साल से रुक-रुककर भूकंपीय गतिविधियां दर्ज होती रही हैं। इस साल जुलाई में भी 4.6 और 3.5 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए थे। इसलिए लगातार नए झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर रख रहा है।
नोट: लगातार भूकंप आने का मतलब यह जरूरी नहीं है कि बड़ा भूकंप आने वाला है। इसलिए बिना आधिकारिक चेतावनी के अफवाहों पर भरोसा न करें और भूकंप के दौरान सुरक्षित रहने के नियमों का पालन करें।