Food License Suspension : महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के स्टोरेज और डार्क स्टोर्स की जांच तेज कर दी गई है। 13 अगस्त 2026 को खाद्य विभाग ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ऑनलाइन माध्यम से खाद्य सामग्री बेचने वाली 86 जगहों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान 14 फूड बिजनेस लाइसेंस सस्पेंड किए गए, जबकि 60 सुधार नोटिस जारी किए गए।
Blinkit और Zepto पर कार्रवाई
जांच के दौरान Blinkit और Zepto से जुड़े कई स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित किए गए। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक Blinkit की 5 और Zepto की 5 सुविधाओं पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा Instamart से जुड़ी 2 जगहों के लाइसेंस भी सस्पेंड किए गए। भगवती स्टोर और Swiggy Instamart से जुड़े एक अन्य प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की गई। एक जगह को अस्थायी रूप से कारोबार बंद करने का निर्देश दिया गया।
मुंबई में मिलीं कई खामियां
जांच के दौरान मुंबई के कुछ क्विक-कॉमर्स स्टोर्स में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़ी कमियां सामने आईं। घाटकोपर के एक Blinkit सेंटर में गंदे स्टोरेज रैक, खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं को साथ रखने, खराब सब्जियां और कॉकरोच मिलने की जानकारी सामने आई। सेंटर के फर्श और छत की स्थिति भी संतोषजनक नहीं बताई गई। इसके अलावा जरूरी मेडिकल जांच और पीने के पानी से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले।
ये भी पढ़ें : Delhi रूट की कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, अक्टूबर में सफर से पहले जरूर चेक कर लें Railway का ये अपडेट
बांद्रा और अंधेरी में भी जांच
मुंबई के बांद्रा और अंधेरी इलाके में भी कुछ स्टोर्स की जांच की गई। यहां धूल, कचरा और चूहों की बीट जैसी गंदगी मिलने की बात सामने आई। अधिकारियों को कुछ जरूरी रिकॉर्ड भी अधूरे मिले। खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन में कमियां मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सस्पेंशन में बिक्री पर रोक
जिन प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं, वे निलंबन अवधि के दौरान खाद्य और पेय पदार्थों की खरीद या बिक्री नहीं कर सकते। इस कार्रवाई के बाद क्विक-कॉमर्स कंपनियों के डार्क स्टोर्स में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को लेकर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। खाद्य विभाग की जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री सुरक्षित तरीके से स्टोर और सप्लाई की जाए।