महाराष्ट्र में शनिवार की रात और रविवार सुबह दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे राज्य को दहला दिया। नंदुरबार जिले के चांदसैली घाट में श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन के पलटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं वाशिम जिले के समृद्धि महामार्ग पर हुए एक अन्य हादसे में म्यांमार के तीन नागरिकों की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं ने त्योहारों के बीच मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
चांदसैली घाट में श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी
नंदुरबार जिले के चांदसैली घाट में यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब अस्तंबा यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु एक पिकअप वैन में सवार थे। बताया जा रहा है कि घाट के मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में कई की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही वाहन पलटा, कई श्रद्धालु गाड़ी के नीचे दब गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
समृद्धि महामार्ग पर कार डिवाइडर से टकराई
इसी बीच वाशिम जिले में समृद्धि महामार्ग पर डव्हा के पास एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस हादसे में म्यांमार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।