Maharashtrian Batata Bhaaji Recipe: आलू ऐसी सब्जी है जो लगभग हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाता है. लेकिन अगर रोज एक ही तरह की आलू की सब्जी खाकर घरवाले बोर हो गए हैं, तो इस बार आप महाराष्ट्र की मशहूर बटाटा भाजी बना सकते हैं. इसका स्वाद सामान्य आलू की सब्जी से काफी अलग होता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.
मूंगफली से बढ़ेगा स्वाद
महाराष्ट्रीयन स्टाइल बटाटा भाजी की खासियत इसमें इस्तेमाल होने वाली मूंगफली और मसालों का स्वाद है. मूंगफली सब्जी को हल्का क्रंच देती है, वहीं हरी मिर्च और मसाले इसका जायका बढ़ाते हैं। इसे नाश्ते या खाने के समय आसानी से परोसा जा सकता है.
ऐसे तैयार करें बटाटा भाजी
सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा और करी पत्ते डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद हरी मिर्च और मूंगफली डालकर कुछ देर भूनें। मूंगफली हल्की कुरकुरी हो जाए तो इसमें हल्दी और जरूरत के अनुसार नमक डालें.
अब कटे हुए आलू कड़ाही में डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. थोड़ी देर धीमी आंच पर पकाने के बाद ऊपर से हरा धनिया डाल दें. चाहें तो स्वाद के अनुसार थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं.
बेड़मी पूरी के साथ करें सर्व
गरमा-गरम बटाटा भाजी को बेड़मी पूरी, पूरी या पराठे के साथ परोसा जा सकता है. इसका मसालेदार और हल्का चटपटा स्वाद नाश्ते को खास बना देता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है, इसलिए अचानक कुछ स्वादिष्ट बनाने का मन हो तो यह रेसिपी आजमाई जा सकती है.